लूट में दिन भर माथापच्ची, फिर भी हाथ खाली

पेट्रोल पंप मैनेजर से छह लाख रुपये लूटने वाले शातिर बदमाशों का 36 घंटे से अधिक समय बीतने के बाद भी सुराग नहीं लगा। हालत यह है कि आईजी जेल विनोद शर्मा की पत्नी के पेट्रोल पंप की रकम लुटने के बावजूद पुलिस अज्ञात बदमाशों के खिलाफ सिर्फ मुकदमा ही दर्ज कर सकी है। फिलहाल पुलिस यूपी के बदमाशों की तरफ नजर गड़ाए हुए है।

तमंचा दिखाकर छह लाख लूटे थे
अमानतगढ़ में आईजी जेल विनोद शर्मा की पत्नी पूर्णिमा का पेट्रोल पंप है। सोमवार की सुबह हथियार से लैस बदमाशों ने देहरादून हाईवे पर मजार के निकट मैनेजर को रोक कर तमंचों की बट से पीटा और छह लाख लूट लिए। मैनेजर बिहारीगढ़ के एक बैंक में नकदी जमा कराने जा रहा था। दोनों ही राज्यों की पुलिस करीब चार घंटे तक सीमा विवाद में उलझी रही थी।

मुकदमा दर्ज, बदमाश चिह्नित नहीं
आईजी जेल की पत्नी के पेट्रोल पंप से जुड़ा होने के चलते बुग्गावाला पुलिस ने अपने यहां वारदात होने की बात दबी जुबान से कबूली थी। बुग्गावाला थानाध्यक्ष राकेंद्र सिंह कठैत ने बताया कि मैनेजर की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। अभी तक बदमाश चिह्नित नहीं हो पाए हैं।

वारदात के 36 घंटे हो चुके हैं, लेकिन पुलिस अभी तक अंधेरे में ही हाथ पांव मार रही है। पुलिस की निगाह यूपी के बदमाशों पर टिकी है। यूपी में पेट्रोल पंप की लूट को अंजाम देने वाले गिरोह की बाबत पुलिस जानकारियां जुटाने में लगी है।

Related posts