
रोहड़ू। शिमला जिले के रोहड़ू में देवता बौंद्रा मंदिर में लूट और चौकीदार की हत्या मामले में पकड़े गए तीनों आरोपी आठ अगस्त तक पुलिस रिमांड पर भेजे गए हैं। पुलिस ने शुक्रवार को इन्हें न्यायालय में पेश किया। लूट में शामिल मुख्य सरगना अभी पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ा है। पुलिस दो अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है। पुलिस पूछताछ में पकड़े गए तीनों आरोपियों ने मंदिर में लूट और चौकीदार की हत्या का जुर्म कबूल कर लिया है। डीएसपी राजकुमार चंदेल के अनुसार तीनों आरोपी लंबे समय से क्षेत्र में मजदूरी करते थे। लूट के बाद वे देवता बौंद्रा की मूर्तियों को क्षेत्र से बाहर ले जाने की कोशिश में थे, लेकिन वे मूर्तियों को उठाकर सराईधार पहुंचाते-पहुंचाते बुरी तरह थक गए थे। इसलिए उन्होंने इन्हें सराईधार में छिपाने का निर्णय लिया था। पता चला है कि दो अन्य आरोपी भी नेपाली मूल के ही हैं। पुलिस को शक है कि इसी गिरोह के सदस्यों ने अन्य मंदिरों में भी चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है। डीएसपी ने बताया कि तीनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। तीनों को न्यायालय ने आठ अगस्त तक पुलिस रिमांड पर भेजा है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
