लूट की घटना में शामिल पांच आरोपी पकड़े

बद्दी (सोलन)। चाकू की नोक पर लूट की घटना करने के मामले में बद्दी पुलिस ने एक पांचवें आरोपी को भी दबोच लिया है। लोदी माजरा के लखविंद्र सिंह ने नालागढ़ कोर्ट में अग्रिम जमानत के लिए आवेदन किया था लेकिन कोर्ट से रिजेक्ट होते ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने सभी आरोपियों को रिमांड पूरा होने पर कोर्ट में पेश किया जहां से सभी को 22 जुलाई तक पुलिस रिमांड बढ़ा दिया है।
11 जुलाई को आरोपी श्याम सिंह, बलविंद्र, नरेंद्र, नीरज व लखविंद्र ने दो बाइकों पर सवार होकर करीब 11 बजे रात को पहले नंदपुर स्थित एक ठेके पर हमला बोला वहां पर सेल्समैन को चाकू से जख्मी करने के बाद वहां से नकदी लूटी। उसके बाद बद्दी-साईं मार्ग पर थाना गांव के पास फैक्टरी से ड्यूटी करके लौट रहे कामगारों के साथ मारपीट कर लूटपाट की। बाद में यह लुटेरे वर्धमान होते हुए सिक्का होटल की ओर निकल रहे थे कि पुलिस ने नाके के दौरान इन्हें पकड़ने का प्रयास किया लेकिन पुलिस के हत्थे नरेंद्र व बलविंद्र ही चढ़े। तीन आरोपी अंधेरे का फायदा उठा कर भागने में सफल रहे।
बाद में पुलिस ने नालागढ़ के ब्राह्मण खड्ड से श्याम व नरेंद्र को गिरफ्तार कर लिया था। तीसरा आरोपी लखविंद्र फरार था जैसे ही पकड़े गए आरोपियों ने उसका नाम लिया तो उसने कोर्ट में पहले से ही अग्रिम जमानत के लिए याचिका दायर कर दी लेकिन कोर्ट के याचिका रिजेक्ट कर दी थी। इस पर पुलिस ने लखविंद्र सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
एसपी अरुल कुमार ने बताया कि पांचों आरोपियों का रिमांड पूरा होने पर अदालत में पेश किया गया जहां से उन्हें 22 जुलाई तक रिमांड बढ़ा दिया है। अभी तक रिमांड के दौरान यही तथ्य सामने आया है कि ये युवक नशेड़ी हैं तथा नशे की लत ने इन्हें गलत करने के लिए उकसाया है। पुलिस इन युवकों के मोबाइल की काल डिटेल भी खंगाल रही है।

Related posts