लूटपाट मामले में दो नेपाली मजदूरों को जेल भेजा

रानीखेत। राजस्व पुलिस ने तहसील के सुदूरवर्ती उरोली गांव में महिला को बंधक बनाकर लूटपाट करने के मामले में दो नेपाली मजदूरों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। हालांकि नेपालियों ने ना तो जुर्म कुबूला है और ना ही उनके पास से माल बरामद हुआ है। दोनों लंबे समय से उरोली में लीसा गढ़ान का कार्य करते हैं। पीड़िता और उसकी पुत्री के बयानों के आधार पर पुलिस ने यह कार्रवाई की है।
शुक्रवार रात उरोली गांव निवासी विधवा महिला धनुली देवी के साथ मारपीट कर उन्हें बंधक बनाकर चोरों ने घर से 15 हजार की नकदी और एक तोला सोने की चेन पर हाथ साफ कर लिया था। मारपीट में घायल धनुली देवी का यहां राजकीय अस्पताल में इलाज चल रहा है। उसकी विवाहिता पुत्री सोनी की निशानदेही पर राजस्व पुलिस ने गांव में लीसे का गढ़ान करने वाले राज बहादुर और खड़क बहादुर से पूछताछ की। उपराजस्व निरीक्षक महेंद्र सिंह रावत ने बताया कि रविवार की सुबह पीड़िता धनुली देवी और उनकी पुत्री सोनी के बयान लिए गए और दोनों नेपालियों को उनके सामने पेश किया गया। मां, बेटी ने घटना में दोनों के होने का दावा किया। इसके आधार पर राजस्व पुलिस ने दोनों को धारा 394, 457 और 342 के तहत मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार किया और मुंसिफ मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया। इसके बाद उन्हें 14 दिन की रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। श्री रावत ने बताया कि दोनों ने अभी तक जुर्म नहीं कुबूला है, माल बरामद हो इसके लिए राजस्व पुलिस का प्रयास जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि राजकीय अस्पताल में धनुली देेवी की हालत में अब सुधार है।

Related posts