लुहणू के पास गोबिंदसागर से मिला शव

बिलासपुर। गोबिंदसागर में बुधवार को एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ। सूचना के आधार पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया है। लुहणू घाट के पास से जलाशय में मिले शव की फिलहाल शिनाख्त नहीं हो पाई है।
जानकारी के अनुसार बुधवार दोपहर बाद के समय कुछ लोगों ने लुहणू घाट के समीप गोबिंदसागर में एक शव पानी में बहते देखा। उन्हाेंने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना के आधार पर मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों की मदद से शव को जलाशय से बाहर निकाला। शव किसी पुरुष का था। वहां मौजूद कोई भी व्यक्ति उसकी शिनाख्त नहीं कर पाया। लिहाजा पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया।
सूत्रों के अनुसार कुछ दिन पहले कंदरौर पुल से एक व्यक्ति ने गोंबिंदसागर में छलांग लगा दी थी। उक्त व्यक्ति की पहचान कांगड़ा निवासी चंदन के रूप में हुई थी। वह एक सीमेंट कंपनी में इंजीनियर था। ऐसे में इस संभावना से भी इंकार नहीं किया जा रहा है कि बुधवार को गोबिंदसागर से बरामद शव उक्त व्यक्ति का ही हो। इस आशंका के आधार पर पुलिस ने उसके परिजनों को भी शिनाख्त के लिए बुलाया है। सदर थाना प्रभारी डीएसपी प्रमोद चौहान ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है।

Related posts