लुटेरों का सुराग देने पर दो लाख इनाम

रोहड़ू। देवता बौंद्रा मंदिर कमेटी ने लुटेरों का सुराग देने वाले को दो लाख रुपये के इनाम की राशि रखी है। कमेटी ने तय किया है कि लूट की घटना में शामिल लोगों के पकड़े जाने पर इनाम की राशि को सुराग देने वाले तक पहुंचाने की जिम्मेदारी कमेटी की होगी। मंदिर कमेटी के मोतमीन शमशेर ठाकुर ने इसका ऐलान किया है। मंदिरों में लगातार हो रही चोरियों और लूटपाट के बाद क्षेत्र के सभी मंदिरों की स्थानीय कमेटियां चौकस हो गई हैं। लोगों ने सरकार से प्राचीन धरोहर के संरक्षण की मांग भी उठानी शुरू कर दी है। वरिष्ठ कांग्रेसी नेता मनजीत सिंह ठाकुर, प्रदेश कांग्रेस कार्यकारिणी सदस्य हरिंद्र रावत, शिव पाल ठाकुर ने देवता बौंद्रा के मंदिर में लूट की घटना पर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने चौकीदार के परिवार को भी अधिक से अधिक सहायता देने का आग्रह किया है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि सभी मंदिरो में सीसीटीवी कैमरे, अलर्ट सायरन, नियमित हथियार से लैस चौकीदार रखने के लिए स्थायी नीति बनाए। यदि किसी मंदिर में इन उपकरणों को लगाने की पहल नहीं होती है तो वहां की मंदिर कमेटी की जिम्मेदारी सुनिश्चित की जाए। जिला कांग्रेस कमेटी के महासचिव केके चौहन ने बौंद्रा देवता के मंदिर में लूट की वारदात को कमेटी सदस्यों की लापरवाही बताया है। उन्होंने कहा कि देवता की पालकी को मंदिर के गर्भ गृह में रखने से पहले उसकी चौकीदारी के लिए पुख्ता कदम नहीं उठाए गए थे। उन्होंने कहा कि मंदिर कमेटी ने करोड़ों की प्राचीन संपत्ति की सुरक्षा को गंभीरता से नहीं लिया। वारदात के बाद पूरा क्षेत्र परेशान है।

Related posts