
नेरचौक (मंडी)। असंतुष्ट और बागियों ने भले ही उपचुनाव में कांग्रेस और भाजपा प्रत्याशी को लीड दिलाने के लिए बिना शर्त समर्थन देने का ऐलान किया है, लेकिन बागियों का समर्थन पार्टी के ही कुछ लोगों को रास नहीं आ रहा है। प्रचार के दौरान भी दोनों दलों के नेता और बागी एक साथ नजर नहीं आ रहे हैं। उपचुनाव में बागी नेता अपनी ताकत का एहसास करवाने के लिए अपने समर्थकों के साथ प्रचार में जुड़े हैं।
नाचन हलके से भाजपा से नाराज दामोदर चौहान ने बिना शर्त कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह को समर्थन दिया और नाचन क्षेत्र से कांग्रेस को लीड दिलाने के लिए चुनाव प्रचार में डटे हैं। जबकि बल्ह विधानसभा क्षेत्र से महंत राम चौधरी ने भी बिना शर्त भाजपा प्रत्याशी जय राम ठाकुर को समर्थन दिया है। सुंदरनगर से पूर्व विधायक रूप सिंह और मंडी सदर से श्याम लाल ने भी भाजपा को समर्थन देने का ऐलान किया है। करसोग से पूर्व विधायक मस्त राम ने भी अपने समर्थकों के साथ बिना शर्त कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह को समर्थन दिया है।
बागियों के समर्थन से भले ही दोनों दलों को उपचुनाव में मतों की बढ़त मिलने की उम्मीद बढ़ गई हो, लेकिन कई नेताओं को बागियों का समर्थन अखर रहा है। राजीव गांधी पंचायती राज का कार्यभार संभाल रहे ब्रह्म दास का कहना है कि बिलासपुर के विधायक बंबर ठाकुर के साथ घर-घर जाकर प्रचार कर रहे हैं। दामोदर चौहान का कहना है कि नाचन हलके की जनता ने हमेशा उनका साथ दिया है। समर्थकों की सहमति पर कांग्रेस को चुनाव में समर्थन दिया जा रहा है। बल्ह क्षेत्र से महंत राम चौधरी का कहना है कि पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल के सामने उन्होंने भाजपा प्रत्याशी को समर्थन दिया है। वे अपने समर्थकों के साथ भाजपा को लीड दिलाने के लिए काम कर रहे हैं।
