
बालीचौकी (मंडी)। पुलिस चौकी बालीचौकी पर एक व्यक्ति की निर्ममता से पिटाई करने के आरोप लगे हैं। पीड़ित की पत्नी ने चौकी पुलिस पर उसके पति को बेरहमी से पीटने के आरोप लगाए हैं। पीड़ित व्यक्ति को जोनल अस्पताल कुल्लू रेफर किया गया है। दूसरी ओर पुलिस महिला के आरोपों को नकार रही है।
पीड़ित तेज राम की पत्नी कमला देवी के अनुसार उसके पति को पुलिस ने इतनी बेरहमी से पीटा कि उसे उल्टियां होने लगीं। जब वह पुलिस चौकी पहुंची तो चौकी के कमरे में उसका पति तेज राम बेहोशी की हालत में पड़ा था। महिला के मुताबिक वहां ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मचारियों ने महिला से अपने पति को कमरे से बाहर निकालने को कहा। महिला ने एक स्थानीय व्यक्ति की मदद से अपने पति को चौकी से बाहर निकाला तथा उसे समीपवर्ती स्वास्थ्य केंद्र ले आई। स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकों ने उसे प्राथमिक उपचार के उपरांत कुल्लू अस्पताल रेफर कर दिया। जहां तेज राम की हालत गंभीर बनी हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि तेज राम जीरो चौक पर शराब के नशे में था। जिस पर पुलिस ने उसे अपनी गिरफ्त में लिया था तथा उसके खिलाफ मामला भी दर्ज किया था। मेडिकल के बाद जब उसे दोबारा पुलिस चौकी ले जाया गया तो उसे उल्टियां होने लगीं। महिला की पत्नी तथा स्थानीय लोगाें ने पुलिस की कार्रवाई पर शक जाहिर किया है। इस पूरे मामले की प्रशासन से छानबीन करने की मांग की है।
बाक्स
घटना के दौरान मैं चौकी में नही था। मुझे वापस पहुंचने पर बताया गया कि तेज राम शराब के नशे में ट्रैफिक को रोक रहा था। जिस पर उसे पुलिस चौकी लाया गया। मेडिकल करवाने के बाद तेज राम को उसकी पत्नी को सौंप दिया गया। तेज राम से किसी भी तरह की पिटाई नहीं की गई है।
-सुभाष शर्मा प्रभारी पुलिस चौकी बालीचौकी।
उक्त व्यक्ति को जब मेडिकल के लिए लाया गया तो उस समय वह चलकर आया था और सामान्य स्थिति में था। हालांकि, उसने शराब पी रखी थी। दूसरी बार जब उसे लाया गया तो उसे खून की उल्टियां हो रही थीं। जिस पर प्राथमिक उपचार के बाद उसे कुल्लू रेफर कर दिया।
-डा. हनीश राणा एमओ इंचार्ज पीएचसी बालीचौकी।
