लाहौल में बर्फ ने रोके वाहनों के पहिये

उदयपुर (लाहौल-स्पीति)। लाहौल घाटी में बीआरओे की मेहनत पर मौसम ने एक बार फिर पानी फेर दिया। एक दिन पूर्व ही सीमा सड़क संगठन ने घाटी के उदयपुर-केलंाग और सिस्सू तक मार्ग यातायात के लिए बहाल किया था कि वीरवार रात्रि से शुुरू हुई बर्फबारी से मार्ग फिर बंद हो गए हैं। शुक्रवार को लाहौल घाटी के उदयपुर और स्तींगरी हेलीपैड के लिए प्रस्तावित हेलीकॉप्टर की दोनों उड़ानें खराब मौसम के चलते नहीं हो पाई हैं। प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के एक बार फिर सक्रिय होने से जनजीवन पटरी से खिसकने लगा है। मौसम विभाग ने शनिवार तक मैदानी इलाकों में बारिश और ऊपरी इलाकों में बर्फबारी बताई है। गौंधला से मिली जानकारी के मुताबिक देर सायं चार बजे तक गौंधला तथा इसके आसपास एक फुट तक ताजा बर्फ गिर चुकी थी। 94 आरसीसी के कमांडिंग अफसर एसके नरवाल ने बताया कि बर्फबारी के चलते घाटी के तमाम मार्ग अवरुद्ध हो गए हैं। मौसम ने साथ दिया तो जल्द मार्गो को खोलने का प्रयास किया जाएगा। उपायुक्त लाहौल-स्पीति वीर सिंह ठाकुर ने घाटीवासियों से आह्वान किया है कि घाटी के लोग खराब मौसम के बीच अपने गांवों से दूरदराज क्षेत्रों की ओर न जाएं। उन्होंने बताया कि मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक शुक्रवार और शनिवार दो दिन तक मौसम खराब रहेगा। लिहाजा, ऐसे मौसम के बीच जगह-जगह हिमखंडों के लुढ़कने का खतरा रहेगा।

Related posts