
सा (शिमला)। नोग वैली के लालसा से लापता तीन युवकों का अभी तक कोई सुराग नहीं लग पाया है। हालांकि, पुलिस और परिजन युवाओं को हर जगह तलाश कर रहे हैं लेकिन अभी तक युवकों का कोई सुराग हाथ नहीं लग पाया है। थक हार कर अब युवकों के परिजन देवताओं की शरण में पहुंच गए हैं। रामपुर के लालसा के योगेश शर्मा पुत्र मोहन लाल, जितेश शर्मा पुत्र कांता प्रसाद और हिमेश शर्मा 18 अगस्त को घर से किताबों की खरीदारी के लिए निकले थे लेकिन उसके बाद घर नहीं लौटे थे। इसके बाद परिजनों ने उन्हें अपने स्तर पर दोस्तों और रिश्तेदारों के यहां तलाश किया लेकिन युवकों का कोई पता नहीं लग पाया। इसके बाद थक हार कर परिजनों ने 19 अगस्त को इसके बारे में रामपुर पुलिस में मामला दर्ज करवाया। इन युवकों के परिजनों का आरोप है कि पुलिस उनके बच्चों को तलाश करने के मामले को गंभीरता से नहीं ले रही है। इसके चलते अब तक उनके बच्चों का सुराग नहीं लग पाया। अब परिजन अपने बच्चों की तलाश की मांग को लेकर मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से मिलेंगे। इसके बारे में डीएसपी रामपुर सुनील नेगी का कहना है कि पुलिस युवकों को हर जगह तलाश कर रही है। उन्हाेेंने बताया कि युवकों के फोटो सभी पुलिस चौकियों और थानों को भी भेज दिए गए हैं। उन्होंने दावा किया कि तीनों युवकों को जल्द तलाश कर लिया जाएगा।
