लापता शिवम का 11 दिन बाद भी नहीं सुराग

मंडी। शहर के अप्पर टारना से लापता 15 वर्षीय शिवम का ग्यारह दिन बाद भी कोई सुराग पुलिस के हाथ नहीं लग सका है। मंगलवार को शिवम के परिजन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मंडी से मिले तथा नाबालिग को ढूंढने की गुहार लगाई। शिवम पुत्र बृज लाल निवासी अप्पर मंगवाईं 10 मई को घर से स्कूल के लिए निकला था। वह उसी दिन से लापता है तथा आज दिन तक घर नहीं लौटा है। पुलिस में उसकी गुमशुदगी की 11 मई को शिकायत दर्ज करवाई गई है।
परिजनाें के मुताबिक शिवम के साथ मोहल्ले का ही सूरज नाम का उसका एक दोस्त अक्सर साथ रहता था। पूछताछ में सूरज ने बताया है कि दोनों का घर से भागने का प्लान था। शिवम निर्धारित तिथि एवं समय पर घर से चला गया, जबकि सूरज को उसके घर वालाें ने पकड़ लिया। दोनाें की एक साथ घर से भागने की प्लानिंग थी। शिवम ग्यारह दिन से न तो घर लौटा है और न ही पुलिस उसे अभी तक तलाश कर सकी है। मंगलवार को करीब तीन दर्जन परिजनों ने एएसपी मंडी से मिलकर शिवम की छानबीन के लिए सभी संभावित कदम उठाने की गुहार लगाई। परिजन उसकी अब तक शिमला, चंडीगढ़, कुल्लू, मनाली, सरकाघाट, जोगिंद्रनगर, बिलासपुर तथा मणिकर्ण तक तलाश कर चुक हैं, मगर शिवम का कहीं कोई सुराग नहीं मिल सका है। इधर, एसएसपी केसी राणा ने बताया कि शिवम की तलाशी के लिए हरसंभव कदम उठाए जाएंगे। सिटी पुलिस उसकी छानबीन में जुटी है।

Related posts