
स्वारघाट (बिलासपुर)। स्वारघाट थाना के अंतर्गत एक गांव से डेढ़ माह से भी अधिक समय पूर्व लापता हुई एक लड़की को पुलिस ने ढूंढ लिया है। पुलिस ने उसे जम्मू-कश्मीर के शोंपिया जिले से बरामद किया है। लड़की को बहला-फुसला कर भगा ले जाने के आरोपी को भी पुलिस ने दबोच लिया है।
स्वारघाट क्षेत्र के एक व्यक्ति ने 24 मार्च को थाने में बेटी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। व्यक्ति के अनुसार उसकी 19 वर्षीय बेटी 23 मार्च को स्वारघाट गई थी लेकिन वापस नहीं लौटी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने युवती की तलाश शुरू कर की। बाद में तीन मई को लड़की का पिता दोबारा थाना पहुंचा। उसने बताया कि उसकी बेटी को जम्मू-कश्मीर के बारामूला का रहने वाला शम्मी नामक एक युवक शादी का झांसा देकर बहला-फुसला कर भगा ले गया है। इस पर पुलिस ने मामला दर्ज किया था।
एसपी अनुपम शर्मा ने बताया कि छानबीन के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी युवक जम्मू-कश्मीर के शोंपिया जिले में है। जानकारी के आधार पर एएसआई सेवा सिंह की अगुवाई में पुलिस की टीम ने शोंपिया में दबिश दी। वहां से लड़की बरामद करने के साथ ही आरोपी समशदीन को भी दबोच लिया गया। दोनों को स्वारघाट लाया गया है। मामले की छानबीन की जा रही है।
