
पालमपुर/पंचरुखी (कांगड़ा)। बीते माह ठंढोल के अंतर्गत संदिग्ध परिस्थितियों में लापता महिला को पुलिस ने सिलीगुड़ी से बरामद कर लिया है। महिला को सिलीगुड़ी (पश्चिमी बंगाल) से पालमपुर लाया गया है। महिला ने दुराचार और जबरन भगाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी युवक को गिरफ्तार किया है। जानकारी के मुताबिक ठंढोल क्षेत्र से 25 सितंबर को एक 30 वर्षीय महिला शाम के समय घर से लापता हुई थी। जिस पर परिजनों ने उसके अपहरण की शंका जाहिर की थी। पुलिस ने छानबीन शुरू की तो महिला के लैंडलाइन फोन से एक युवक की फोन कॉल डिटेल हाथ लगी थी, जो सिलीगुड़ी में अपने पिता के साथ कैंटीन करता है। जब पुलिस ने जांच को आगे बढ़ाया तो यह महिला इस युवक के क्वार्टर में पाई गई। पुलिस ने वहां जा कर महिला और युवक को गिरफ्तार कर लिया। महिला ने इस युवक पर घर से जबरन ले जाने, उसे जान से मारने की धमकी और दुराचार करने का आरोप लगाया है। पुलिस सूत्रों की मानें तो इस मामले में ओर गिरफ्तारियां भी हो सकती है। पंचरुखी पुलिस चौकी के प्रभारी भूप सिंह सेन के नेतृत्व में हवलदार संतोष कुमार और महिला आरक्षी वीरता ने महिला को सिलीगुड़ी में बरामद किया है। उधर, डीएसपी नवदीप सिंह ने कहा कि लापता महिला को पुलिस सिलीगुड़ी से पालमपुर ले आई है। महिला की शिकायत पर युवक को दुराचार और जबरन भगाने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
