
बैजनाथ(कांगड़ा)। पुलिस थाना बैजनाथ के अंतर्गत शुक्रवार को एक युवक लाटरी के झांसे में अपने साढ़े 23 हजार रुपये गंवा बैठा।
जानकारी के अनुसार ज्योतिष का कार्य करने वाले गढ़वाल निवासी के यहां बतौर मेहमान आए अरविंद के मोबाइल पर किसी अनजान व्यक्ति का फोन आया। अज्ञात व्यक्ति ने अरविंद को लाखों रुपये की लाटरी का झांसा देकर तीन कंपनियों के विभिन्न सात नंबरों पर करीब 23 हजार 565 रुपये के रिचार्ज करवाने को कहा। अरविंद ने स्थानीय बस अड्डे के पास स्थित मोबाइल रिचार्ज दुकान से बताए हुए नंबरों पर 500 से 5500 तक के सात रिचार्ज करवा दिए। दुकान के मालिक सूरज ने जब अरविंद से रिचार्ज की राशि मांगी तो उसका कहना था कि उसकी लाटरी निकली है और वह जल्द ही रिचार्ज के पैसे दे देगा। यह सुनकर दुकान मालिक सूरज ने सीधे पुलिस में शिकायत कर दी। पुलिस ने गत शुक्रवार देर शाम को शिकायतकर्ता और रिचार्ज करवाने वाले व्यक्ति को थाने में तलब कर पूछताछ की है। जांच में सामने आया है कि रिचार्ज किए गए सभी नंबर उत्तर प्रदेश के हैं। थाना प्रभारी राजिंद्र शर्मा ने बताया कि इस प्रकार की शिकायत मिली है और जांच की जा रही है।
