
घुमारवीं (बिलासपुर)। घुमारवीं अज्ञात चोरों ने लाखों रुपये के आभूषणों पर हाथ साफ कर लिया। शहर में हुई इस वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर चोरी का मामला दर्ज छानबीन शुरू कर दी है। अभी तक चोरों को सुराग नहीं लग पाया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार संतोष कुमार गौतम वीरवार को अपने चलैहली स्थित घर गए थे। शुक्रवार शाम करीब आठ बजे वह घुमारवीं स्थित दूसरे मकान में आए तो कमरों के दरवाजे खुले पाए। भीतर इधर-उधर बिखरा सामान देखा तो उनके होश फाख्ता हो गए। चोर मकान के पिछले भाग की ग्रिल तोड़ कर कमरे में प्रवेश हुए थे। संतोष के मुताबिक चोर कमरे के भीतर अलमारी में रखे आभूषणों को ले गए हैं। पुलिस थाना में दर्ज करवाई एफआईआर के अनुसार इस घटना में 15 तोला सोना चोरी हुआ है जिसमें चार सोने के कडे़, चक, नत्थ, मंगलसूत्र अंगुठी, टाप्स्र, तिलियां शामिल हैं। हालांकि घर से कुछ ही दूरी पर एक हार बरामद भी हुआ है लेकिन, वह सोने का नहीं बल्कि सजावटी है। उधर, डीएसपी अंजनी जसवाल ने बताया कि पुलिस छानबीन कर रही है। जल्द ही चोर सलाखों के पीछे होगे।
