लाखों के जेवर ले गई शातिर महिलाएं

राजगढ़ (सिरमौर)। इनाम के लालच में उपमंडल की दो गृहणियां अपने लाखों के जेवर लुटा बैठी हैं। ठगी करने वाली तीन महिेलाओं के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार पालू गांव निवासी राधा शर्मा और कनोगटा निवासी अर्चना ने पुलिस को बताया कि उनके पास तीन महिलाएं आई जो पहले भी पुराने बर्तन के बदले नए बर्तन उन्हें कई वर्षों तक देती रही थी।
उन्होंने इस बार इन महिलाओं को लालच दिया कि उनके पास यदि सोने और चांदी के पुराने जेवर हैं तो उनके डिजाइन कंप्यूटर पर डालकर जहां उन्हें जेवर वापस दे दिए जाएंगे। वहीं उन्हें इनाम स्वरूप कपड़े धोने की मशीन भी मिलेगी। इनाम के लालच में इन महिलाओं ने अपने लाखों रुपये के जेवर बाहरी राज्यों से यहां आई अज्ञात महिलाओं को सौंप दिए, जब दूसरे दिन महिलाएं वापस नहीं आई तो उन्हें मालूम हो गया कि वे भूल कर बैठी हैं और उनकी जिंदगीभर की कमाई लुट गई है। इसमें अर्चना देवी के सोने का एक हार, कांटे की जोड़ी, बाली की जोड़ी व दो अंगूठियां हैं, जबकि राधा शर्मा की कांटे की एक जोड़ी एक मंगल सूत्र, तीन तीलियां और एक अंगूठी सभी सोने के और चांदी की पायजेब तीन जोड़ी और कडे़ थे।
इन महिलाओं ने इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी है। डीएसपी भूपेंद्र बरागटा ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि इन महिलाओं ने सूचना दी है। इस पर पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर नाके लगा दिए हैं और कई लोगों से पूछताछ की जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि इस प्रकार के बहकावे में न आएं और यदि कोई महिला या पुरुष ऐसी बात करता है तो इसकी सूचना उन्हें सीधे उनके मोबाइल नंबर 94181-72066 या थाने के 100 नंबर पर इसकी सूचना दें ताकि ऐसे गिरोह को पकड़ा जा सके।

Related posts