लाखों के गहनों और नकदी साफ

रक्कड़ (कांगड़ा)। तहसील मुख्यालय रक्कड़ के निकटवर्ती गांव चमेटी में बीती रात चोरों ने निर्मला देवी पत्नी स्वर्गीय मेला राम के घर में रखी नकदी और लाखों के गहनों पर हाथ साफ कर दिया। वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
75 वर्षीय निर्मला देवी ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में कहा है कि बीती रात खाना खाने के बाद वह अपनी दोहती निशा के साथ घर में सोई थी। सुबह देखा तो दूसरे कमरों के दरवाजे खुले थे और सामान बिखरा पड़ा था। चोरों ने संदूक व अलमारी के ताले तोड़कर साढ़े सोलह तोले सोने का हार, नथ, नैकलेस, झुमके, अंगूठियां और 36 तोले चांदी के आभूषण सहित अठारह हजार रुपए नकद चुरा लिए। इस बारे में एसएचओ ज्वालामुखी सुरिंद्र ठाकुर ने बताया कि पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है।

मंदिर से तांबे के नाग चोरी
एक अन्य मामले में तहसील रक्कड़ की पंचायत कौलापुर में स्थित चामुखा मंदिर से बीती रात ही चोर मंदिर परिसर से पचास किलोग्राम तांबे का नाग व पांच अन्य छोटे-छोटे नाग चुराकर ले गए। मंदिर के पुजारी जगदीश गिरी ने बताया कि उन्हें चोरी का पता सुबह चला। पुजारी की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। एसएचओ सुरिंद्र ठाकुर ने इसकी पुष्टि की है।

Related posts