
मैहला (चंबा)। विकास खंड मैहला में लाखों रुपये खर्च कर बनाए गए सरकारी आवासों में रहने वाला कोई नहीं है। इससे विभिन्न विभागों की ओर से बनाए गए कुछ आवासों की हालत खस्ता होती जा रही है। डेढ़ साल से इनकी सुरक्षा रामभरोसे है। इन क्वार्टरों की पहरेदारी करने के लिए भी कोई तैनात नहीं है। इससे आवासों में रखे गए लाखों के फर्नीचर पर चोरी का खतरा मंडरा रहा है। खंड विकास कार्यालय, स्वास्थ्य, आईपीएच विभाग द्वारा मैहला में लाखों रुपये खर्च कर आवास बनाए गए हैं। विभागों के इन आवासों का कर्मचारी प्रयोग नहीं कर रहे हैं। इससे लाखों से बने आवासों की हालत दिन प्रतिदिन खराब होती जा रही है। मैहला पंचायत के उप प्रधान मनोज जसरोटिया का कहना है कि विभाग को क्वार्टरों की जरूरत नहीं है, तो क्वार्टर पंचायत के हवाले किए जाएं। पंचायत इन क्वार्टरों को किराये पर देकर इससे आय अर्जित कर सकती है। उन्होंने बताया कि कई विभागीय कर्मचारियों को विभागीय अधिकारियों के सुस्त रवैये के चलते प्राइवेट क्वार्टर लेकर रहना पड़ रहा है। उप प्रधान ने बताया कि एसडीएम चंबा को भी इस संदर्भ में अवगत करवाया गया था। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि जल्द इन क्वार्टरों की सुध ली जाए। क्वार्टर कर्मचारियों को आवंटित किए जाएं या पंचायत के हवाले किए जाएं।
उधर, इस संबंध में एसडीएम चंबा बचन सिंह ने बताया कि संबंधित विभाग क्वार्टरों को कर्मचारियों को बांटे। अगर पंचायत चाहती है कि क्वार्टर उसके अंडर किए जाएं, तो वे संबंधित विभागों से बात कर सकते हैं।
