लाखों की वन संपदा हुई खाक

बेरीनाग। गर्मी बढ़ने के साथ ही जंगलों में दावाग्नि की घटनाओं में भी इजाफा हो रहा है। बृहस्पतिवार को बेरीनाग के देवीनगर वन चौकी से महज दस मीटर की दूरी पर लगी दावाग्नि ने जंगलों की सुरक्षा के लिए वन विभाग द्वारा किए जा रहे कार्यों की पोल खोल कर रखी दी है। खबर लिखे जाने तक आग की चपेट में आ चुके करीब एक हेक्टेयर वन भूमि में लाखों की वन संपदा जल गई। दावाग्नि की बढ़ती घटनाओं की वजह से पूरा वातावरण धुंध की चपेट में आ गया है।
बृहस्पतिवार को दोपहर बाद देवीनगर स्थित वन चौकी से महज पांच मीटर की दूरी पर स्थित जंगल में लगी आग ने विकराल रूप ले लिया। इससे निकल रहे धुंए की वजह से सड़क में वाहनों की आवाजाही भी कई घंटों तक ठप रही। वन क्षेत्राधिकारी लवराज सिंह पांगती ने बताया कि विभाग के कर्मचारी बेरीनाग केअन्य जंगलों में आग बुझाने गए थे। बताया कि वन विभाग चौकी के पास लगी आग को बुझाने का प्रयास किया जा रहा है। इधर, राष्ट्रीय युवा पुरस्कार विजेता प्रदीप महरा ने वन विभाग की कार्य प्रणाली पर रोष व्यक्त किया है। उधर बुधवार की रात जिला मुख्यालय से लगे कनारी, पांभै, चंडाक, थलकेदार क्षेत्र के जंगल आग की चपेट में रहे।

Related posts