लमगड़ा में महाविद्यालय की मिली स्वीकृति

अल्मोड़ा। प्रदेश शासन ने लमगड़ा ब्लाक में राजकीय महाविद्यालय की स्वीकृति प्रदान कर दी है। शुरुआत में महाविद्यालय में कला संकाय में कक्षाएं संचालित की जाएंगी। प्रारंभ में कला संकाय में हिंदी, अंग्रेजी, शिक्षा शास्त्र, अर्थशास्त्र विषयों की मान्यता मिल गई है। इसके अलावा जैंती महाविद्यालय में विज्ञान संकाय की भी मंजूरी सरकार ने कर दी है। यह जानकारी विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल ने विज्ञप्ति जारी करके दी है।
उन्होंने बताया कि सरकार ने राजकीय महाविद्यालय जैंती में भी विज्ञान संकाय मंजूर कर दिया है। जैंती महाविद्यालय में विज्ञान संकाय के अंतर्गत वनस्पति विज्ञान, जंतु विज्ञान, रसायन विज्ञान, भौतिक विज्ञान और गणित विषय की कक्षाएं संचालित होंगी। जैंती महाविद्यालय में विज्ञान संकाय की मंजूरी मिलने और लमगड़ा में डिग्री कालेज खुलने से क्षेत्र की उच्यूर, विशौद पट्टी समेत सालन क्षेत्र के दर्जनों गांवों के छात्र-छात्राओं को लाभ मिलेगा।
इस उपलब्धि के लिए क्षेत्रवासियों ने मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा और विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल का आभार जताया। आभार जताने वालों में ब्लाक प्रमुख महेंद्र सिंह मेहर, कांग्रेस के पूर्व प्रदेश प्रवक्ता दिनेश कुंजवाल, जिला सहकारी बैंक के निदेशक पान सिंह फर्त्याल, जीत सिंह धानिक, प्रताप राम, ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष दीवान सिंह सतवाल, दीपू मलाड़ा, खीम सिंह नगरकोटी, मोहन सिंह, बची सिंह बगड़वाल, गंगा सिंह, विशन रावत, रमेश मेलकानी आदि उपस्थित थे।

Related posts