
भटिंडा: एक बस कंडक्टर को एक लड़की को हाथ लगाकर पीछे हटने के लिए कहना महंगा पड़ गया। इसके बाद उसने माफी मांगकर पिंड छुड़वाया। जानकारी के अनुसार मानसा से भटिंडा आ रही सरकारी बस में गांव कोटशमीर से चढ़ी एक लड़की ने बस स्टैंड पर आकर बस कंडक्टर पर उसे थप्पड़ मारने के आरोप लगा दिए।
उक्त लड़की डाइट दियौण की छात्रा थी। उसने बाद में फोन करके उक्त संस्था के अन्य लोगों को बुला लिया। यह मामला ए.डी.जी.एम. भटिंडा के पास पहुंचा गया। दूसरी ओर कंडक्टर ने कहा कि लड़की बस के दरवाजे के पास खड़ी थी। उसने और सवारियों के लिए जगह बनाने हेतु उस लड़की को बस में आगे जाकर खड़ा होने को कहा।
बार-बार कहने पर जब लड़की वहीं खड़ी रही तो उसने उसकी बाजू पर हाथ लगाकर उसे आगे आने के लिए कह दिया। इसी बात से वह भड़क गई। उसने बताया कि लड़की थप्पड़ मारने के बेबुनियाद आरोप लगा रही है। मौके पर मौजूद एक महिला ने भी कंडक्टर की बात को सही करार दिया। बाद में कंडक्टर ने माफी मांग ली जिसके बाद मामला शांत हो गया।
