
नेरचौक (मंडी)। मनाली से लड़की को भगा ले जा रहे तीन युवकों को बल्हघाटी के चक्कर में दबोच लिया। आरोपी युवक लड़की को जबरन उठा ले जा रहे थे। लड़की के गुमशुदगी का मनाली पुलिस में मामला दर्ज है। डीएसपी हैडक्वार्टर मंडी राजेश कुमार ने पुष्टि की है। जानकारी के अनुसार चक्कर के पास लड़की कार की खिड़की खोलकर चिल्लाने लगी तो पीछे से आ रही पंजाब की कार ने उसका पीछा शुरू किया। वहीं कार नेरचौक कस्बे से होकर गुजरी तो वहां भी कुछ स्थानीय व्यापारियों ने लड़की को चिल्लाते हुए देखा। इस पर व्यापार मंडल नेरचौक के उपप्रधान राकेश गुप्ता ने कार का पीछा किया।
डडौर के पास कार को रोक लिया। यहां कार में सवार युवक सन्नी, सुनील और राहुल ने भागने का प्रयास किया। लेकिन व्यापारियों ने तीनाें को पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने तीनाें को हिरासत में ले लिया। पुलिस के मुताबिक लड़की से पूछताछ में पता चला है कि तीनाें युवक मनाली के रहने वाले हैं। वह उसे जबरदस्ती उठाकर ले आए हैं। बल्ह पुलिस ने मनाली पुलिस थाने में पता किया तो वहां लड़की को भगा ले जाने का मामला दर्ज था। लड़की और तीनों युवकाें को मनाली पुलिस के सुपुर्द कर दिया है। डीएसपी राजेश कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
