
सुंदरनगर (मंडी)। करसोग के ठारू से अगवा एक लड़की को पुलिस ने सुंदरनगर बस स्टैंड से बरामद किया है। पुलिस ने लड़की को अगवा करने के आरोप में दो महिलाओं को हिरासत में लेकर करसोग पुलिस को सौंप दिया है। एक आरोपी महिला करसोग तथा दूसरी बिलासपुर जिले के झंडूता की रहने वाली है। पूछताछ में दोनों आरोपी महिलाओं ने यह बात कबूल की है कि वह लड़की को झंडूता में किसी के साथ शादी करवाने के लिए ले जा रही थीं। इसकी एवज में लड़की को 50 हजार रुपये की नकदी देने का प्रभोलन दिया था। लड़की की शादी झंडूता में किस से करवानी थी, यह बात अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाई है। जानकारी के मुताबिक थाना प्रभारी इंस्पेक्टर जगदीश चंद्र सोमवार देर शाम सुंदरनगर बस स्टैंड पर पुलिस बल सहित गश्त पर थे। इस दौरान करसोग से मंडी जा रही बस से यहां बस स्टैंड पर दो महिलाएं एक लड़की सहित उतरीं। पुलिस को देख दोनों महिलाएं सकपका गईं। जिस पर पुलिस को दोनों महिलाओं पर शक हुआ। पूछताछ करने पर उन्होंने सब कुछ सच उगल दिया। लड़की के बयान के आधार पर पुलिस ने दोनों महिलाओं को हिरासत में ले लिया तथा इसकी सूचना करसोग पुलिस को दी। मंगलवार को करसोग पुलिस दोनों महिलाओं और लड़की को लेकर करसोग रवाना हो गई। थाना प्रभारी जगदीश चंद ने बताया इस मामले में आगामी कार्रवाई करसोग पुलिस अमल में लाएगी।
