
नई टिहरी। हेंवलघाटी क्षेत्र के एक गांव से लापता किशोरी की बरामदगी और उसे भगा ले जाने के आरोपी की गिरफ्तारी न होने पर सामाजिक संगठनों ने बुधवार को सीओ का घेराव किया।
बड़ी संख्या में ग्रामीण बुधवार को महिला समाख्या और ग्रामीण क्षेत्र विकास समिति के कार्यकर्ताओं के साथ सीओ पीएस चौहान के कार्यालय पर पहुंचे और उनका घेराव किया। उन्होंने बताया कि लड़की 12 अगस्त से लापता है परिजनों ने थाना चंबा में रिपोर्ट भी दर्ज करवाई थी लेकिन पुलिस ने अभी तक न तो आरोपियों को पकड़ा और न ही लड़की को बरामद किया। पुलिस पर दबाव में काम करने का आरोप लगाते हुए परिजनों ने सप्ताहभर में बरामदगी न होने पर आत्मदाह की चेतावनी दी।
सीओ चौहान ने बताया कि पुलिस की टीम भेजी गई है। जल्द ही आरोपी युवक के परिजनों से पूछताछ की जाएगी। बाद में ग्रामीणों ने डीएम से भी मुलाकात कर मामले की सीबीसीआइडी जांच की मांग की। इस मौके पर महिला समाख्या की जिला प्रभारी रीना पंवार, राड्स के अध्यक्ष सुशील बहुगुणा, राकेश राणा, महीपाल नेगी, पदम गुसाईं, प्रभा रतूड़ी, कुंभी बाला भट्ट, दुलारी उनियाल आदि मौजूद थे।
