
लडभड़ोल (मंडी)। लडभड़ोल की विभिन्न पंचायतों की समस्याओं को लेकर किसान सभा की अगुवाई में बुधवार को धरना प्रदर्शन किया गया। क्षेत्र में पीने के पानी का समुचित प्रबंध करने, भड़ोल स्थित सीएचसी में डॉक्टरों के खाली पड़े पदों को भरने, सभी बंद पड़े बस रूटों की बहाली एवं सभी संपर्क सड़कों की मरम्मत कर बसें चलाने, भड़ोल में तहसीलदार के पद पर स्थायी नियुक्ति करने, भड़ोल बाजार में सार्वजनिक शौचालय का निर्माण करने, जंगली जानवरों से निजात दिलाने व नष्ट फसल का किसानों को उचित मुआवजा देने की मांग पर सैकड़ों किसानों ने बुधवार को लडभड़ोल में प्रदर्शन किया। स्वास्थ्य सेवाओं के मुद्दे पर सीएचसी का घेराव भी किया गया। उसके बाद तहसीलदार कार्यालय का घेराव किया गया। माकपा ने मांगों को लेकर मुख्यमंत्री को ज्ञापन भी भेजा। स्थानीय बस अड्डे पर जनसभा को कुशाल भारद्वाज, सीटू के मंडी जिला अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह, किसान सभा की जोगिंद्रनगर क्षेत्रीय कमेटी के प्रधान रविंद्र कुमार, सचिव रणजीत राणा, लडभड़ोल तहसील कमेटी के प्रधान टेक सिंह, सचिव प्रताप ठाकुर, रविकांत, अजीत सिंह, अवतार आदि ने भी संबोधित किया। कुशाल भारद्वाज ने कहा कि क्षेत्र के पिछड़ेपन के लिए कांग्रेस व भाजपा की सरकारें तथा उनके नुमाइंदे जिम्मेदार हैं। उन्होंने कहा कि 18-20 पंचायतों वाले लडभड़ोल को आजादी के 66 साल बाद ही कालेज नसीब हो सका। उन्होंने कहा कि भड़ोल सीएचसी में पिछले कई वर्षों से डाक्टरों के रिक्त पदों को नहीं भरा जा रहा है। उन्होंने कहा कि उपरोक्त मांगों को शीघ्र पूरा नहीं किया गया तो वे संघर्ष को और तेज कर देंगे। उन्होंने कहा कि यदि एक महीने तक सरकार ने उपरोक्त मांगों पर अमल नहीं किया तो 20 फरवरी को फिर से तहसीलदार कार्यालय का घेराव किया जाएगा।
