

पुलिस ने शिमला, सोलन और चंडीगढ़ के चार कंपनी संचालकों को नामजद किया है। पुलिस के अनुसार पांदली के विरेंद्र चौहान ने बताया कि वह कोटखाई बाजार में इलेक्ट्रानिक्स की दुकान चलाता है।
करीब दो साल पहले सोलन के शालाघाट की महालक्ष्मी इंटरप्राइजेज कोटली के प्रस्ताव पर उन्होंने लॉटरी के तहत लकी ड्रा योजना शुरू की। करीब 90 लोग हर माह 1300 रुपये जमा करवाते थे। लोगों से जमा करीब 28 लाख रुपये कंपनी के खाते में डाले गए।
शुरुआत में 19 लोगों को लकी ड्रा में निकला सामान दिया गया लेकिन करीब 71 लोगों को पैसा देने के बावजूद कुछ नहीं मिला जबकि सभी को कुछ न कुछ मिलना था। अब कंपनी इन्हें सामान देने से आनाकानी कर रही है और पैसा मांगने पर धमकियां मिल रही हैं।
विरेंद्र चौहान की शिकायत पर पुलिस ने कंपनी संचालक राजेश गुप्ता सेक्टर 40डी चंडीगढ़, अनिल जैन क्लासिक इंडस्ट्री एरिया फेज दो चंडीगढ़, हरपाल सिंह ठाकुर निवासी कांडा जिला शिमला और मुकेश गांव धनोट अर्की जिला सोलन के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। कोटखाई के थाना प्रभारी संतोष कुमार ने मामले की पुष्टि की है।
