लक्कड़ बाजार से संजौली के लिए कम हुआ सफर

शिमला। लक्कड़ बाजार बस स्टैंड से शहर के सबसे बड़े उपनगर संजौली की दूरी एक किलोमीटर कम हो गई है। आईजीएमसी नाले पर करीब ढाई करोड़ की लागत से बने ऑकलैंड पुल का मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने सोमवार को लोकार्पण किया। आईजीएमसी के नाले पर बने पुल से वाहनों की आवाजाही शुरू होने के बाद संजौली व ढली सहित ऊपरी शिमला के हजारों लोग लाभान्वित होंगे। लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि 2007 में कांग्रेस सरकार के समय पुल की आधारशिला रखी गई थी, लेकिन पूर्व भाजपा सरकार ने पुल के निर्माण की अनदेखी की। उन्होंने कहा कि पुल पर वाहनों की आवाजाही के साथ पैदल चलने वालाें व रोगियों के लिए अलग से पैदल पथ बनाए गए हैं।
पुराने पुल के निकट कार्ट रोड से आईजीएमसी के मुख्य भवन तक नया परिसर बनाया जाएगा। इस परिसर में ओपीडी, चिकित्सक कक्ष एवं उपचार केंद्र की सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। इतना ही नहीं, कार्ट रोड से आईजीएमसी तक पहुंचने के लिए इस परिसर में लिफ्ट की सुविधा भी उपलब्ध करवाई जाएगी। इस मौके पर शहरी विकास मंत्री सुधीर शर्मा, जिला परिषद अध्यक्ष चंद्रेश्वर प्रसाद, जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष केहर सिंह खाची, नगर निगम के पूर्व महापौर सोहन लाल, पूर्व उप महापौर हरीश जनारथा, उपायुक्त दिनेश मल्होत्रा, लोक निर्माण विभाग के इंजीनियर-इन-चीफ प्रदीप चौहान व नगर निगम आयुक्त अमरजीत सिंह उपस्थित थे।

Related posts