लकवाग्रस्त बेटे को लेकर कहां जाए श्यामचंद

उत्तरकाशी। उपचार के बाद लकवाग्रस्त भगवान सिंह को परिजन चंडीगढ़ से यहां तो ले आए, लेकिन रास्ते न होने से उसे गांव पहुंचाने के लिए उनके पास कोई विकल्प नहीं दिख रहा है। प्रशासन से लगातार हेलीकाप्टर भटवाड़ी तक भेजने की गुहार लगा रहे हैं, लेकिन उनकी कोई नहीं सुन रहा है।
पिलंग गांव निवासी श्यामचंद का बेटा भगवान सिंह 2009 से लकवाग्रस्त है। एक माह पहले परिजन उसे उपचार के लिए चंडीगढ़ ले गए। जहां से तीन दिन पहले ही वे यहां लौटे। अब यहां मालूम चला कि भटवाड़ी तक सड़क और उससे आगे गांव के 18 किलोमीटर पैदल रास्ता जगह-जगह ध्वस्त है। ऐसे में लकवाग्रस्त युवक को ले जाना टेढ़ी खीर है। पिता श्यामचंद ने बताया कि डीएम से लेकर विधायक से भटवाड़ी तक हेलीकाप्टर से छुड़वाने की गुहार लगा चुका हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। बताया कि फिलहाल उन्होंने बेटे को जिला अस्पताल में रखा हुआ है, लेकिन अब अस्पताल प्रशासन भी घर जाने को कह रहा हैं। ऐसे में मार्ग बंद होने से उसके सामने समस्या यह है कि चलने में असमर्थ बेटे को लेकर वह जाए तो जाए कहां।

Related posts