
शिमला। लंबीधार क्षेत्र में स्वीकृत किए गए पानी के दो कनेक्शनों पर वीरवार को नगर निगम सदन बंट गया। ढली के पार्षद शैलेंद्र चौहान स्वीकृत कनेक्शनों की तर्ज पर अन्य लोगों को भी कनेक्शन देने की वकालत करते नजर आए, वहीं संजौली और चम्याणा के पार्षद नए कनेक्शनधारकों को ढिंगूधार टैंक से पानी की सप्लाई नहीं देने पर अड़ गए। इस दौरान पार्षद शैलेंद्र की कांग्रेस के कुछ पार्षदों के साथ तीखी नोकझोंक भी हुई। कांग्रेस पार्षद दो स्वीकृत कनेक्शनों को काटने की बात कह रहे थे। इस पर पार्षद नाराज होकर सदन से बाहर भी चले गए। पार्षद के पक्ष में भाजपा के सभी पार्षदों ने भी बाहर जाकर अपनी नाराजगी जताई। हालांकि इसे बायकाट नहीं कहा गया।
वीरवार को निगम सदन में पार्षद शैलेंद्र चौहान ने निगम अफसरों की गलती के चलते लोगों द्वारा उन पर लग रहे आरोपों की बात कही। उन्होंने कहा कि सदन ने प्रस्ताव पारित कर लंबीधार में सोसायटी बनाकर सात लाख रुपये जमा करवाने के बाद कनेक्शन देने को कहा था लेकिन जल शाखा ने इस बीच दो कनेक्शन जारी कर दिए। इसके चलते जिन लोगों ने राशि जमा करवाई है, वे उन पर पैसे का गबन करने का आरोप लगा रहे हैं। पार्षद ने कहा कि अफसरों की गलती के चलते वे लोगों के निशाने पर हैं। स्वीकृत किए गए दो कनेक्शनों को काटने की बजाय अन्य लोगों को भी कनेक्शन दिए जाएं। इस पर संजौली की पार्षद सत्या कौंडल और चम्याणा के पार्षद नरेंद्र ठाकुर ने लंबीधार में ढिंगूधार टैंक से पानी नहीं देने की बात कही। दोनों पार्षदों ने कहा ढिंगूधार टैंक से अप्पर समिट्री और अप्पर संजौली एरिया में सप्लाई की जाती है, वो भी चौथे और पांचवें दिन। अगर यहां से लंबीधार को जोड़ दिया गया तो पुराने क्षेत्रों में दस दिन बाद सप्लाई होगी, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
…
जांच चल रही, जल्द होगा खुलासा : आयुक्त
आयुक्त अमरजीत सिंह ने कहा कि मामले की जांच चल रही है। रिपोर्ट आने के बाद इसका खुलासा किया जाएगा। दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। आयुक्त ने माना कि आउट ऑफ वे दो कनेक्शन लगाए गए हैं। स्वीकृत फाइलों, कनेक्शन प्राप्त करने वाले लोगों सहित कनेक्शन लगाने वाले अफसरों के बयान लिए जा रहे हैं।
आज मौके का निरीक्षण कर होगा अंतिम फैसला
उप महापौर टिकेंद्र पंवर ने कहा कि शुक्रवार को मौके का निरीक्षण किया जाएगा। लंबीधार के लोगों को पानी देना निगम की प्राथमिकता है लेकिन किसी अन्य क्षेत्र में संकट खड़ा नहीं कर सकते। पार्षद नरेंद्र ठाकुर ने अपर समिट्री में पानी का टैंक बनाने की बात कही। उन्होंने कहा कि चार माह के भीतर अपर समिट्री में टैंक बना कर दे दो, फिर अपर समिट्री को ढिंगूधार टैंक से हटाकर लंबीधार को वहां जोड़ दिया जाए। लेकिन जब तक टैंक नहीं बनता, तब तक कनेक्शन न दिए जाएं। इस पर उप महापौर ने शुक्रवार को मौके पर अंतिम फैसला लेने की बात कही।
