
शिमला। सोमवार को नगर निगम में एक बेटा सात समंदर पार से अपनी मां का बर्थ सर्टिफिकेट लेने पहुंचा। 58 वर्षीय साइमन सटन ने बताया कि उनकी मां शिरेल कार्नर का जन्म 12 अप्रैल 1929 को शिमला में हुआ था। मां ताराहाल स्कूल में पढ़ती थी। नाना मुख्य पोस्ट आफिस में बतौर टेलीग्राफ इंजीनियर कार्यरत थे। आइस स्केटिंग रिंक के पास एक कॉटेज में यह लोग रहते थे। दो अप्रैल 1946 को परिवार लंदन शिफ्ट कर गया था। अब उनकी मां की मौत हो गई है।
मां का बर्थ सर्टिफिकेट लंदन ले जाकर वे अपने परिवार के साथ शिमला की यादों को साझा करेंगे। साइमन ने कहा कि वे पहली बार भारत आया है। साथ में अपने 28 वर्षीय बेटे एंडूयू को भी साथ लाया है। उन्हें शिमला बेहद खूबसूरत लगा है। कुछ एक स्थान तो बिलकुल लंदन की तरह लगते हैं। बर्थ सर्टिफिकेट मिल जाने पर साइमन ने नगर निगम का आभार जताया। उन्होंने कहा कि निगम के अधिकारियों ने उनकी बहुत मदद की है।
