
लंज (कांगड़ा)। लंज क्षेत्र में बीते दिन आए तूफान से जनजीवन अस्त-व्यस्त होकर रह गया है। 18 घंटे से बिजली आपूर्ति बाधित है। इस कारण ग्रामीणाे को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
वहीं, देहरा से लंज को आने वाली मेन लाइन पर जगह-जगह पेड़ गिरने से मसरूर, ललूड़ी, ठंबा, बौहडक्वालू, धंगड़, कलरी, कपाड़ी इलाकों में बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो पाई है। बौहडक्वालू में जगह-जगह बिजली की तारों पर चीड़ के पेड़ गिरे हैं। संभावना जताई जा रही है कि आने वाले एक सप्ताह तक बिजली आपूर्ति बाधित रह सकती है। बौहडकवालू में तेज तूफान की वजह से स्लेटनुमा मकानों की छतें भी उड़ गईं हैं। उपप्रधान बौहडक्वालू रणजीत सिंह ने बताया कि बौहडक्वालू में प्रमोद सिंह व दलीप सिंह निवासी मडूंह बौहडक्वालू की रसोई की छतें पूरी तरह से उड़ गईं, जबकि प्रीतम सिंह निवासी मडूंह की गौशाला की छत भी उड़ गई है। जेई नंदरूल डिवीजन कांगड़ा सुरेंद्र भारद्वाज ने बताया कि कि नंदरूल से लेकर बौहडक्वालू तक 5 पोल टूट गए हैं और जगह-जगह पर बिजली की लाइनों पर पेड़ गिरे हुए हैं। जल्द ही विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।
