
उदयपुर (लाहौल-स्पीति)। 13050 फुट ऊंचे रोहतांग दर्रे पर बर्फ के दीदार के लिए सैलानियों का हुजूम उमड़ पड़ा है। बर्फबारी से रोहतांग दर्रा सफेद चांदी से चमक उठा है। कुदरत की इस नेमत को देखेने के लिए दिल्ली, गुजरात समेत पश्चिम बंगाल आदि राज्यों से आए पर्यटक पहुंच रहे हैं। सोमवार को पर्यटकों की सैकड़ों गाड़ियां रोहतांग पहुंचीं। तीखी सर्द हवाओं के बीच पर्यटक एक-दूसरे पर बर्फ के गोले बनाकर फेंक रहे हैं। वहीं, सैलानी घुड़सवारी, स्कीइंग का भी आनंद उठा रहे हैं। हालांकि, यह बर्फबारी ज्यादा देर तक नहीं टिक पाएगी। लेकिन ताजा बर्फबारी स्थानीय पर्यटन व्यवसायिओं के लिए सौगात बनकर आई है। हर कोई इस सीजन को भुनाना चाहता है। दिल्ली से आए पर्यटक अभिषेक जैन, महेंद्र सिंह, सुनील रावत, कोलकाता के रामेश्वर पाल और नंदनी ने बताया कि बर्फबारी की सूचना मिलते ही वे रोहतांग निकल पड़े। चंडीगढ़ से रोहतांग पहुंची लीना व गोपाल ने बताया कि बहुत समय से उनका बर्फ देखने का सपना था, जो रोहतांग दर्रे पर आकर पूरा हो गया। ताजा बर्फबारी से अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव के कारोबारियों को भी लाभ पहुंचेगा।
