
रोहडू। युवा कांग्रेस के बाद अब लोकतांत्रिक चुनाव प्रणाली शीघ्र कांग्रेस कमेटियों के चयन में भी शुरू करने की तैयारी है। राष्ट्रीय कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी की सोच आम परिवारों से जुड़े जुझारू कार्यकर्ताओं को संगठन में आगे लाना है। इसी सोच के चलते राहुल गांधी अब कांग्रेस कमेटियाें में भी लोकतांत्रिक चुनाव प्रक्रिया को शुरू करना चाहते हैं। यह बात युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव मुनीष ठाकुर ने रोहडू में आयोजित स्वागत समारोह के दौरान कही।
युकां राष्ट्रीय सचिव मुनीष ठाकुर के रोहडू पहुंचने पर सोमवार को युवा कांग्रेसियों ने स्वागत समारोह का आयोजन किया। युकां कार्यकर्ताओं ने ढोल नगाड़ों के साथ मुनीष ठाकुर का स्वागत किया। इस दौरान मुनीष ठाकुर ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि राहुल गांधी की सोच पंचायत तथा बूथ स्तर पर कांग्रेस को मजबूत करने की है। इसी सोच के चलते लोकतांत्रिक चुनाव प्रणाली शुरू की गई है। लोकतांत्रिक ढंग से चयन की प्रणाली किसी भी राजनीतिक दल में नहीं है। उन्होंने बताया कि युकां राष्ट्रीय कार्यकारिणी में मौजूद सभी 25 पदाधिकारी आम परिवारों से संबंध रखते हैं। संगठन में राष्ट्रीय स्तर पर वह किसी भी नेता की चाटुकारिता करके नहीं पहुंचे हैं। उन्होंने संगठन के लिए दिल से काम किया, जिसके परिणामस्वरूप वह राष्ट्रीय सचिव पद तक पहुंचे हैं। इस अवसर पर युकां रोहडू अध्यक्ष विजय चौहान, उपाध्यक्ष राकेश नेगी, महासचिव रवि रावत, विनय हेटा, विकास काल्टा, अनिल चौधरी, उत्तम ठाकुर, रौनी चौहान, रविंद्र ठाकुर, निखिल सारटा, सुजय अग्रवाल, रंजीत घेदटा, ललित ठाकुर, नरेंद्र पाल, अनिल ठाकुर, दीपक मांजटा, राक्की चौहान, बलदेव सिंठयाण सहित भारी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।
