रोहडू की कामयाबी के बाद बढ़ी पुलिस की जिम्मेदारी

नाहन (सिरमौर)। रोहडू तहसील के बंछूछ गांव के बौंद्रा देवता सकुशल घर लौट आए हैं। इसमें रोहडू पुलिस का बेहतरीन होमवर्क सबके सामने सच बन कर आया है। ऐसे में राज्य की अन्य जिलों की पुलिस पर अब दबाव बन गया है कि वह भी अपने क्षेत्रों में मंदिरों में हुई चोरियों को लेकर उचित तथा साहसिक कदम उठाए ताकि उनके क्षेत्रों में भी रुष्ट हुए देवता भक्तों को वापस मिल सकें।
जहां तक जिला पुलिस का सवाल है तो रोहडू के बौंद्रा मंदिर में चौकीदार की हत्या करके करोड़ों के सोने-चांदी लूटने की वारदात के बाद सिरमौर जिले की सिद्धपीठों एवं मंदिरों में जिला प्रशासन ने सुरक्षा पुख्ता करने के निर्देश दिए थे। इसके अलावा जिला पुलिस ने भी दावा ठोका था कि प्रसिद्ध धार्मिक स्थल त्रिलोकपुर मंदिर सहित रेणुका स्थित भगवान परशुराम मंदिर, माता रेणुका मंदिर एवं दशावतार मंदिर में सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं जो किसी भी अनहोनी अथवा गैर जिम्मेदार हरकत को कैद करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
अहम बात यह है कि पिछले छह वर्षों के दौरान ही जिले के दो दर्जन से अधिक मंदिरों में चोरी एवं लूट की वारदातें हो चुकी हैं। इसमें जगन्नाथ मंदिर नाहन, रघुनाथ मंदिर नाहन, अस्पताल राउंड स्थित शिव मंदिर, मिया जी का मंदिर, पच्छाद निर्वाचन क्षेत्र के राजगढ़ स्थित शिरगुल मंदिर, शाया, ठौड़ निवाड़, जुब्बल चंदेश, सेेर जगास मंदिर, दुधम मतियाणा आदि प्रमुख मंदिर शामिल हैं। इन मंदिरों में हुई चोरी का कितना माल पुलिस अभी तक बरामद कर चुकी है। इसका जवाब जिला प्रशासन सहित पुलिस महकमे के पास भी नहीं है।
बाक्स…
मां बाला सुंदरी मंदिर ट्रस्ट के चेयरमैन उपायुक्त विकास लाबरू के मुताबिक मां बाला सुंदरी मंदिर में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। सुरक्षा में तैनात कर्मचारियों को अलर्ट किया गया है। कैमरों की लगातार मानीटरिंग की जाती है। अन्य मंदिरों की सुरक्षा के लिए पुलिस प्रशासन को सूचित किया जा रहा है।
-विकास लाबरू, डीसी, सिरमौर
बाक्स….
निश्चित तौर पर कुछ अच्छा होता है तो पुलिस पर और अच्छा करने का दबाव बढ़ता है। जिला के कुछ मंदिरों में बीते वर्षों हुई चोरी की संपत्ति वापस लाने के लिए पुलिस दिनरात प्रयास कर रही है। पुलिस की ओर से कुछ नए कदम उठाए गए हैं। मंदिरों की सुरक्षा बढ़ाई गई है। जहां तक रोहडू मंदिर के देवताओं का सकुशल मिलने का सवाल है तो हम जिला वासियों से भी सहयोग की पूरी उम्मीद कर रहे हैं ताकि हम भी कुछ अच्छा कर दिखाएं।
– भगत सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सिरमौर

Related posts