रोहड़ू-शिमला मार्ग बड़े वाहनों के लिए बहाल

रोहड़ू। शिमला मुख्य मार्ग शनिवार को दोपहर बाद बड़े वाहनों के लिए खुल गया है। सड़क के किनारे हिमपात जमने से खड़ा पत्थर के दोनों ओर क्रासिंग के समय बार-बार जाम लग रहा है। मौसम खुलने के बाद शनिवार को परिवहन निगम ने रोहड़ू से शिमला के लिए बसें रवाना कर दी हैं। वीरवार रात से बंद रोहड़ू-शिमला मार्ग को वाहनों के लिए खोल दिया गया है। शनिवार को मौसम खुलने के बाद लोनिवि ने सड़क से बर्फ को हटाने का कार्य शुरू कर दिया है। दोपहर बाद शिमला सड़क को छोटे बड़े सभी वाहनों के लिए खोल दिया गया है। शिमला की ओर फंसी बसें भी रोहड़ू पहुंच चुकी हैं। लोनिवि के एक्सईएन आरके वर्मा ने बताया कि सड़क को बड़े वाहनों के लिए खोल दिया गया है। उन्होंने कहा कि सुबह के समय सड़क पर लोगों को थोड़ी परेशानी रहेगी। उधर, रोहड़ू उपमंडल के अन्य सभी ग्रामीण क्षेत्रों में भी बस सेवा बहाल हो गई है। दिऊदी, लढोट, सुंगरी सहित ऊंचाई वाले क्षेत्रों के करीब आधा दर्जन रूट पहले दिन यातायात के लिए नहीं खुल सके हैं। डोडरा क्वार सड़क अभी तक पहले हिमपात के बाद यातायात के लिए बहाल नहीं हो सकी है। चांशल घाटी में भारी हिमपात के बाद डोडरा क्वार सड़क मार्च माह में ही बहाल होने की संभावना है। डोडरा क्वार क्षेत्र के लोग उत्तराखंड के वाया नैटवाड़ होकर रोहडृू पहुंच रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्र के कई गांवों में बिजली की तारें टूटने से लोग दो रात से अंधेरे में हैं। मौसम खुलने के बाद बिजली बोर्ड ने लाइनों को ठीक करने का काम शुरू कर दिया है।

Related posts