रोहड़ू में 25 रुपये लीटर मिलेगा दूध

रोहड़ू(सुंदर औक्टा) लोगों को अब रोहड़ू में दूध पच्चीस रुपये प्रति लीटर मिलेगा। किसान सभा और दूध उत्पादकों के आग्रह पर प्रमुख संगठनों ने प्रशासन के साथ बैठक में दूध के दामों में बढ़ोतरी पर सहमति व्यक्त की है। दूध के नए दाम 10 मार्च से लागू किए जाएंगे।
किसान सभा और क्षेत्र के पशुपालकों के साथ मंगलवार को एसडीएम कार्यालय मेें बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता एसडीएम रोहड़ू वाईपीएस वर्मा ने की। बैठक में पशुपालकों ने दूध के न्यूनतम दाम 27रुपये करने की मांग उठाई। इस दौरान व्यापार मंडल अध्यक्ष होटल, ढाबा यूनियन और खाद्य निरीक्षक भी बैठक में उपस्थित थे। सभी ने बैठक में तय दूध के न्यूनतम दाम पच्चीस रुपये प्रति लीटर पर सहमति व्यक्त की। बैठक में तय किया गया कि पच्चीस रुपये लीटर बिकने वाला दूध 22 डिग्री से कम नहीं होना चाहिए। यदि दूध की डिग्री इससे कम पाई गई को दूध उत्पादकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। दूध उत्पादकों ने कुछ दिन पहले एसडीएम को ज्ञापन सौंप कर दूध के दाम बढ़ाने मांग उठाई थी। उन्होंने तय समय पर दाम न बढ़ाए जाने पर आंदोलन की चेतावनी दी थी। दूध उत्पादकों की मांग के बाद प्रशासन की ओर से एसडीएम ने सभी संगठनों के साथ बैठक के बाद दाम तय किए हैं। हालांकि इससे पहले रोहड़ू में दूध के दाम 17 रुपये प्रति लीटर थे। एसडीएम वाईपीएस वर्मा ने दूध के दाम में बढ़ोतरी की पुष्टि की है। उन्होंने कहा सभी की सहमति के बाद दूध के दाम बढ़ाए गए हैं।
बैठक में किसान सभा के संयोजक सुखदेव चौहान, राजकमल जिंटा, व्यापार मंडल के प्रधान सुमेश चौहान, खाद्य निरीक्षक लीली ठाकुर दाऊटू, होटल ढाबा यूनियन के प्रधान सहित क्षेत्र के दूध उत्पादक उपस्थित थे।

Related posts