
रोहड़ू। शिलान्यास के तीन साल बाद भी रोहड़ू कस्बे में कार कार्र के निर्माण की योजना सिरे नहीं चढ़ रही है। हालांकि इसके लिए बजट भी उपलब्ध है। इसके बावजूद पार्किंग निर्माण के टेंडर लगाने की प्रक्रिया लटकी हुई है। नगर परिषद पहले प्राइवेट पब्लिक पार्टनरशिप के तहत तलाश करती रही, अब मामला ठंडे बस्ते में पड़ गया है।
नगर परिषद क्षेत्र में पार्किंग की समस्या से लोग परेशान हैं। बाजार में एक भी पार्किंग नगर पंचायत के पास नहीं है। ऐसे में यातायात को सुधारना पुलिस और प्रशासन के लिए संभव नहीं है। लोगों को सड़क के किनारे ही वाहन खड़े करने पड़ रहे हैं। वर्ष 2011 में तत्कालीन विधायक खुशी राम बालनाटाह ने रोहड़ू में कार पार्किंग की आधारशिला रखी है। इसके लिए सरकार की ओर से करीब 54 लाख रुपये के बजट का प्रावधान भी रखा गया था, लेकिन नगर परिषद की ओर से अभी तक पार्किंग निर्माण की प्रक्रिया शुरू नहीं हो सकी है। इस बार हालांकि नगर परिषद के प्रतिनिधि मंडल ने फिर मुख्यमंत्री से पार्किंग के लिए धन की मांग की है। बताया जा रहा है कि पहले से उपलब्ध बजट कम है। गौवर्धन चौहान ने नगर परिषद के प्रतिनिधियों से इस मामले में जनता के सामने स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है।।
इस संबंध में नगर परिषद के उपाध्यक्ष सुखदेव चौहान ने कहा पार्किंग के लिए करीब 54 लाख रुपये की राशि मिली है। इस राशि से रोहड़ू बाजार में बहुमंजिला पार्किंग का निर्माण संभव नहीं है। उसके बाद पीपी मोड़ के तहत पार्किंग निर्माण की योजना थी। उन्होंने कहा लोगों की पार्किंग की मांग सही है। बाजार में पार्किंग के निर्माण होने पर यातायात को सुधारा जा सकता है।
