
रोहडू। क्षेत्र में ठप पड़े सभी विकास कार्य तेजी से शुरू किए जा रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कों की मरम्मत का कार्य चल रहा है। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के आदेशानुसार लोक निर्माण विभाग ठियोग हाटकोटी मार्ग की मरम्मत का कार्य भी तेजी से कर रहा है। यह बात विधायक मोहन लाल ब्राक्टा ने झलवाड़ी गांव के दौरे के दौरान कही।
मोहन लाल ब्राक्टा ने झलवाड़ी में जन समस्याओं को सुनकर मांगों को शीघ्र पूरा करने का आश्वासन भी दिया। ब्राक्टा ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में रोहडू में विकास के नाम पर एक पत्थर भी नहीं लगा था। जो विकास कार्य कांग्रेस कार्यकाल में शुरू हुए थे, उन्हें भी अधर में लटका दिया था। बीते पांच वर्ष में रोहडू ने मात्र राजनीतिक दंश झेला है। अब मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के आशीर्वाद से रोहडू में रुके हुए सभी विकास कार्य तेजी से शुरू हो गए हैं। मुख्य मार्ग के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों के मार्गों को भी सुधारा जा रहा है। कच्ची सड़कों को पक्का किया जा रहा है। उन्होंने झलवाड़ी गांव को लाभान्वित करने वाली सड़क को भी शीघ्र पक्का करने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर स्थानीय लोगों ने विधायक का गांव पहुंचने पर फूल माला पहनाकर स्वागत किया। इस दौरान ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष ईश्वर दास छवारू, हिमाचल प्रदेश उद्योग विकास निगम के निदेशक देविंद्र खुराना, ब्लाक वरिष्ठ उपाध्यक्ष भगत सिंह ठाकुर, ब्लाक कांग्रेस महासचिव दिनेश चौहान, संगठन मंत्री सोहन लाल चौहान, पंचायत समिति अध्यक्ष रविंद्र सिंह रवि, महिला कांग्रेस अध्यक्ष किरण दत्ता, चिड़गांव पंचायत प्रधान शमशेर सिंह ठाकुर, विश्वा देवी, कुलगांव पंचायत प्रधान बबीता, उपप्रधान विनोद, थाना पंचायत प्रधान अनीता, नरेंद्र ठाकुर, शिवपाल ठाकुर, राजेश ठाकुर, जनार्दन नेगी, राजेंद्र, सतपाल गोल्डी सहित भारी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
