रोहड़ू में मोबाइल दुकान से हजारों की चोरी

रोहडू। बौंद्रा देवता मंदिर में चोरी के तीन बाद ही रोहडू बाजार में शातिरों ने एक और चोरी की घटना को अंजाम दे दिया। चोरों ने बाजार में स्थित मोबाइल फोन की दुकान से हजारों रुपयों के सामान पर हाथ साफ कर लिया। पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
बछुंछ में हुई बौंद्रा देवता मंदिर में चोरी की वारदात के बाद रोहडू में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस क्षेत्र में जगह-जगह नाके लगाने और रोहडू शहर में रात भर गश्त करने का दम भर रही है, लेकिन बौंद्रा देवता मंदिर में चोरी की घटना को तीन दिन भी नहीं बीते थे कि रोहडू के अपर बाजार में चोरों ने एक मोबाइल की दुकान का शटर तोड़कर हजारों रुपयों के सामान पर हाथ साफ कर लिया। शटर के ताले तोड़कर चोर दुकान में घुसे हैं। दुकान मालिक सुशील कुमार रात को करीब आठ बजे दुकान बंद करके अपने घर चले गए थे। जब सुबह दुकान पहुंचे तो देखा कि शटर के ताले टूटे हुए थे। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। चोरों ने वारदात को देर रात अंजाम दिया है। अब सवाल उठता है कि अगर रोहडू शहर में पुलिस के जवान मुस्तैदी से गश्त पर थे तो चोरों ने आसानी से दुकान के ताले तोड़कर चोरी की वारदात को कैसे अंजाम दिया? जबकि, दुकान से कुछ ही दूरी पर नगर की पुलिस चौकी भी है। लगातार बढ़ रही चोरी की वारदातों से क्षेत्र के लोग भी सहमे हुए हैं। हालांकि, पुलिस चोरों को पकड़ने में अभी तक नाकाम ही साबित हुई है। डीएसपी रोहडू राजकुमार चंदेल ने बताया चोरी की सूचना पुलिस को सुबह के समय मिली। मामला दर्ज छानबीन शुरू कर दी गई है। पुलिस के जवान रात पर नगर में गश्त पर रहते हैं।

Related posts