
रोहड़ू।(सुंदर ओक्टा ) रोहड़ू में बुधवार को दोपहर बाद बीएसएनएल की ब्राडबैंड सेवा फिर ठप हो गई है। सेवा बाधित होने से उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा है। ब्राडबैंड सेवा ठप होने से सरकारी कार्यालयों, लोकमित्र केंद्र और सुगम केंद्रों में काम प्रभावित हुआ । ग्रामीण क्षेत्रों से यहां काम करवाने पहुंचे लोगों को बिना कार्य करवाए लौटना पड़ा। उपभोक्ताओं ने संचार निगम से बार बार बाधित हो रही सेवा को सुधारने की मांग की है।
वहीं, टेलीफोन और मोबाइल सेवा भी बाधित होने से रोहड़ू, हाटकोटी, टिक्कर, जुब्बल, चिड़गांव सहित सभी सरकारी कार्यालयों और तहसील मुख्यालय में दोपहर बाद काम बंद रहा है। क्षेत्र की लोकल लाइनों पर टेलीफोन सेवा भी बंद रही है। इस कारण सरकारी कार्यालयों में भू अभिलेख, आनलाइन लाइसेंस, टेलीफोन बिल, बिजली के बिल भी जमा नहीं हो पाए। उपभोक्ताओं कोे शाम पांच बजे तक इंतजार के बाद बिना काम करवाए घरों को लौटना पड़ा। उपभोक्ताओं का आरोप है कि सर्दियों और बरसात के मौसम में बीएसएनएल की टेलीफोन सेवा बाधित रहने से लोगों को भारी नुकसान हो रहा है। उपभोक्ताओं ने संचार निगम के अधिकारियों से आग्रह किया कि क्षेत्र में हिमपात से पहले दूरसंचार व्यवस्था को सुधारने की पहल की जाए। इस संबंध में संचार निगम के मंडलीय प्रबंधक पीएल पांचटा ने कहा कि नेटवर्क में खराबी के कारण मोबाइल और फोन में खराबी आई है। उन्होंने कहा कि नेटवर्क को ठीक करने का काम चल रहा है।
