रोहड़ू में फंसे बिलासपुर के तीन ट्रक

मलोखर (बिलासपुर)। जेपी सीमेंट उद्योग बागा से सीमेंट ढुलाई का कार्य कर रही परिवहन सभा खारसी व मांगल यूनियन के तीन ट्रक रोहड़ू में 25 दिन से फंसे हुए हैं। तीनों गाड़ियां पॉवर प्रोजेक्ट को सीमेंट सप्लाई करने भेजी गई थी। अभी तक वापस नहीं आई। इसके चलते आपरेटरों को आर्थिक नुकसान के साथ साथ मानसिक परेशानी का भी सामना करना पड़ रहा है। यदि 10 दिन के भीतर जेपी प्रबंधन कोई कार्रवाई नहीं करता है तो सभा द्वारा चक्का जाम करेगी।
जानकारी के अनुसार ट्रक नंबर एचपी-24 सी- 6640, एचपी-64-ए-3066, एचपी-11 बी-3337 पिछले 25 दिन से सड़क मार्ग बंद होने से रोहड़ू के टागंणू में फंसी हैं। ट्रक मालिक दीप लाल, बंटी, राम सिंह ने कहा कि उनकी गाड़ियां जेपी सीमेंट उद्योग बागा से सीमेंट लोड कर 14 जून को र्साइं ऊर्जा पावर प्रोजेक्ट टागंणू चिड़गांव गई थी। 15 जून को गाड़ियां पहुंच गई। प्रोजेक्ट में मजदूरों की हड़ताल के चलते यह गाड़ियां खाली नहीं की गई। 17 जून को बारिश के कारण चिड़गांव टांगणू धमवाड़ी सड़क भू स्खलन के चलते अवरुद्ध हो गई। 15 दिन बाद कंपनी की ओर से टांगणू से प्रोजेक्ट साइट तक सड़क को बहाल कर दिया। चार जुलाई को गाड़ियों को खाली किया गया। लेकिन टांगणू से पीछे यह मार्ग पूरी तरह बंद पड़ा है। लोक निर्माण विभाग की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की है। इसके चलते आपरेटरों को नुकसान उठाना पड़ रहा है।
जेपी उद्योग विस्थापित एवं प्रभावित परिवहन सहकारी सभा खारसी के प्रधान बुद्धि सिंह ठाकुर ने कहा कि जेपी प्रबंधन को अवगत करवा दिया गया है।

Related posts