रोहड़ू के सस्ते राशन के डिपो खाली!

रोहडू। शिवरात्रि पर्व पर सस्ते राशन के सभी डिपो खाली हो गए हैं। इनमें सस्ता राशन न मिलने की वजह से उपभोक्ताओं को खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। इन डिपुओं से तेल, आटा तथा दालें गायब हैं। डिपुओं में अभी तक मार्च में मिलने वाला सस्ते राशन का कोटा नहीं पहुंचा है। सस्ता राशन न मिलने के कारण लोगों को मजबूरन शिवरात्रि पर्व के लिए बाजार से महंगे दामों पर राशन खरीदना पड़ रहा है। टिक्कर उपतहसील में तो दो माह से उपभोक्ताओं को तेल नहीं मिल रहा है।
रोहडू उपमंडल में खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के सस्ते राशन के डिपुओं में मार्च के राशन का कोटा नहीं पहुंचा है। डिपुओं में तेल उपलब्ध नहीं है। उपभोक्ताओं को आटा तथा दालें भी नहीं मिल रही हैं। शिवरात्रि पर्व पर तेल और आटा की अधिक मांग रहती है। सस्ते राशन के कोटे में डिपुओं से तेल 40 रुपये प्रति लीटर मिलता है। जबकि, बाजार में तेल का दाम प्रति लीटर सौ रुपये से अधिक है। वहीं आटा तथा दालें भी लोगों को महंगे दामों पर बाजार से खरीदनी पड़ रही हैं। टिक्कर उप तहसील में लोगों को तेल का दो माह का कोटा नहीं मिला है। सस्ते राशन की टेंडर प्रक्रिया में देरी होने से यह परेशानी हुई है। टिक्कर पंचायत से राम प्रकाश जगीथटा, दलीप चौहान तथा मन्नी राम ने बताया कि खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के टिक्कर केंद्र के तहत आधा दर्जन से अधिक पंचायतें आती हैं। केंद्र में दो माह से तेल उपलब्ध नहीं है। मार्च का सस्ते राशन का कोटा भी नहीं आया है। उन्होंने बताया कि शिवरात्रि पर सस्ता राशन न मिलने से लोगों में भारी रोष व्याप्त है।
खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के क्षेत्रीय प्रबंधक राकेश कश्मीरी ने बताया कि तेल सप्लाई के टेंडर देरी से होने के कारण तेल अभी उपलब्ध नहीं हो पाया है। रोहडू में आटे की शीघ्र सप्लाई करने के निर्देश दे दिए गए हैं। सस्ते राशन का पूरा कोटा शिवरात्रि के बाद ही उपलब्ध हो पाएगा।

Related posts