रोपा स्कूल को ओवर आल चैंपियन का खिताब

पधर (मंडी)। खंड स्तरीय पाइका खेलों में दुर्गम क्षेत्र चौहारघाटी की राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रोपा का दबदबा रहा। छात्र वर्ग की वालीबाल प्रतियोगिता में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला धार ने लगातार चौथे वर्ष भी अपना कब्जा बरकरार रखा। प्रतियोगिता के समापन पर एसडीएम पधर विनय मोदी ने विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया।
छात्र वर्ग की वालीबाल प्रतियोगिता में सीसे स्कूल धार ने सीसे स्कूल बरोट को 3-0 से पराजित किया। छात्रा वर्ग में सीसे स्कूल थल्टूखोड ने सीसे स्कूल रोपा को 2-1 से पराजित कर ट्राफी पर कब्जा जमाया। कबड्डी छात्र वर्ग में सीसे स्कूल रोपा ने पधर को हराया और छात्रा वर्ग में सीसे स्कूल रोपा ने कुफरी को पराजित कर ट्राफी पर कब्जा किया। बैडमिंटन प्रतियोगिता में पधर स्कूल का दबदबा रहा। छात्रा वर्ग में पधर ने सरौंझ और उरला ने कुफरी को हराया। ओवरआल चैंपियन का खिताब रोपा स्कूल ने अपने नाम किया। ताईक्वाडो में द्रंग सीसे स्कूल प्रथम रहा, जबकि एथलेटिक्स में छात्र वर्ग में मझारनू और छात्रा वर्ग में कुफरी विजयी रहा।
समापन समारोह में एसडीएम विनय मोदी ने कहा कि ग्रामीण स्तर पर पाइका के माध्यम से खेलकूद गतिविधियों को बढ़ावा मिल रहा है। खेल जगत में ग्रामीण स्तर पर छुपी प्रतिभाओं को पाइका के माध्यम से उबरने का सुनहरा मौका है। इस मौके पर धार स्कूल के क्रीड़ा अध्यापक शेर सिंह, फुटबाल के राष्ट्रीय कोच गोवर्धन सिंह, प्रभारी कमलेश कुमार, बास्केटबाल कोच सतिंद्र शर्मा, बैडमिंटन कोच हेमंत शर्मा, हाकी कोच कुसुमलता हाकी कोच, पंचायत उप प्रधान दलीप कुमार मौजूद रहे।

Related posts