
नम्होल (बिलासपुर)। नम्होल उपमंडल के तहत नम्होल डावर-सड़क पर त्यामन गांव के ग्रामीणों ने कटिंग कार्य के लिए लोक निर्माण विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है। ग्रामीणों का आरोप है कि विभाग की ओर से सड़क चौड़ा करने के लिए करवाए जा रहे कटिंग कार्य के समय जमीन, स्थानीय रास्तों का ध्यान नहीं रखा जा रहा है। जमीनों के साथ रास्ते भी क्षतिग्रस्त हो रहे हैं।
ग्रामीण रिड़कू राम, बृजलाल, हरिचंद, नंदलाल, कृष्णू राम, बाबू राम और कमला देवी ने कहा कि विभाग की ओर से कटिंग कार्य बराबर नहीं करवाया जा रहा है। विभाग को इस बारे अवगत करवाया गया लेकिन विभागीय अधिकारियों ने कहा कि जमीन एक्वायर के अनुसार ही कटिंग की जा रही है। जहां पर दोनों ओर कटिंग की जा रही है, वहां विभाग की ओर से डंगा लगाया जाएगा। क्षतिग्रस्त हुए रास्तों को भी ठीक किया जाएगा। कटिंग कार्य के दौरान त्यामन गांव के लोगों को नुकसान उठाना पड़ रहा है। विभाग की ओर से जो जमीन एक्वायर की गई है। उसके अनुसार कार्य नहीं किया जा रहा है। एक्वायर जमीन को छोड़कर दूसरी जगह से कटिंग की जा रही है। उन्होंने मांग की है कि नम्होल से निचले घ्याल तक त्यामन से डावर तक 36 फुट रोड खुला होना चाहिए।
वहीं इस बारे में लोक निर्माण विभाग के नम्होल में तैनात जेई देवी सिंह कौंडल ने कहा कि अधिगृहित जमीन के हिसाब से ही कटिंग की जा रही है। जहां पर डंगा लगाने की आवश्यकता होगी। वहां पर डंगे लगाए जाएंगे।
