रोडवेज के परिचालक से मारपीट

लोहाघाट। पिथौरागढ़ से देहरादून जा रही रोडवेज की हाईटैक बस के परिचालक के साथ कुछ युवकों ने रविवार को मारपीट कर दी। घटना से आक्रोशित रोडवेज कर्मचारियों ने कुछ देर तक जाम लगा दिया।
पुलिस के अनुसार रोडवेज बस (यूके07पीए1053) आज सुबहकुछ देर के लिए लोहाघाट स्टेशन में रुकी। तभी चार युवक एक कार से बस के पास पहुंचे और परिचालक उमाशंकर चौड़ाकोटी से बस में सीट मांगने लगे। बस पूरी भरी थी इस कारण परिचालक ने युवाओं को बिठाने से मना कर दिया। इतने युवा उत्तेेजित हो गए और उन्होंने परिचालक के साथ जमकर मारपीट कर दी।
मौके पर मौजूद ट्रैफिक पुलिस के एसआई गुरुवचन सिंह ने परिचालक को बचाने का प्रयास किया। इसी दौरान रोडवेज कर्मचारी नेता एनडी तिवारी तथा अन्य कर्मचारी भी मौके में पहुंच गए। उन्होंने अकारण परिचालक के साथ की गई मारपीट के विरोध में जाम लगवा दिया।
परिचालक की ओर से पुलिस में दी गई रिपोर्ट में कहा गया है कि युवाओं ने मारपीट की और कैश भी छीनने का प्रयास किया। घटना की सूचना मिलने पर एसओ अशोक कुमार मौके में पहुंच गए। पुलिस ने जिस वाहन से यह युवा आए थे उसकी तलाश शुरू कर दी है। कर्मचारी नेता श्री जोशी ने चेतावनी दी है कि यदि युवकों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो रोडवेज की बसों का संचालन बंद कर दिया जाएगा।

Related posts