
धर्मशाला। रैत पंचायत के वार्ड नंबर दो के बाशिंदों को पिछले कई दिनों से पानी की किल्लत से जूझना पड़ रहा है। दरअसल आईपीएच विभाग की ओर से सुबह महज एक घंटा पानी की सप्लाई दी जा रही है, जो लोगों के लिए अपर्याप्त है।
रैत के वार्ड नंबर दो में लंबे अरसे से पानी की किल्लत चल रही है। इसी के चलते विभाग ने रैत में ट्यूबवेल लगाने का फैसला लिया। तीन साल पहले ट्यूबवेल तो लगा दिया गया, लेकिन रैत के वार्ड नंबर दो के बाशिंदों को कनेक्शन नहीं दिए गए। स्थानीय निवासी राजेश्वर, हेमराज, प्रकाश, प्रदीप, ज्ञान चंद, मेहर सिंह, कौशल्या देवी, चंपा देवी, सुषमा और राजीव आदि का कहना है कि वह अरसे से पानी की समस्या से जूझ रहे हैं। लेकिन आईपीएच विभाग समस्या का हल निकालने के लिए कोई कदम नहीं उठा रहा है। लोगों का कहना है जब अधिकारियों से बात की जाती है तो महज आश्वासन के सिवाय कुछ हासिल नहीं होता। लोगों ने ट्यूबवेल से पानी की नियमित आपूर्ति किए जने की मांग की है। यदि विभाग ने समस्या का हल न किया तो ग्रामीण आंदोलन का रास्ता अख्तियार करने को मजबूर होंगे।
वहीं आईपीएच विभाग रैत के जेई रजाक मोहम्मद का कहना है कि ट्यूबवेल लगा दिया है। जल्द ही विभाग आपूर्ति शुरू कर देगा।
