रेल घूसकांड: CBI आज करेगी बंसल से पूछताछ

रेल घूसकांड: CBI आज करेगी बंसल से पूछताछ

रेल घूसकांड मामले में आज सीबीआई पूर्व रेलमंत्री पवन बंसल से पूछताछ करेगी। बंसल को आज जांच एजेंसी ने पेश होने को कहा था। सूत्रों के अनुसार अपने भांजे विजय सिंगला के कारण फंसे पवन बंसल से आज सीबीआई पूछताछ करेगी। सीबीआई सूत्रों के मुताबिक फिलहाल बंसल से किसी आरोप के तहत या आरोपी समझ कर सवाल नहीं किया जाएगा।

सीबीआई पहले इस मामले में गिरफ्तार रेलवे बोर्ड सदस्य महेश कुमार, बंसल के भांजे विजय सिंगला और उसके अन्य दलाल साथियों से हुई पूछताछ से उभरे सवालों के जवाब बंसल से मांगेगी।

इसके अलावा करीब 1000 फोन कॉल्स में रेलवे में हुई कुछ खास नियुक्तियों की चर्चा के बाबत भी सवाल पूछे जाएंगे। सूत्रों के अनुसार फोन पर इन चर्चाओं से संबंधित फाइलों को भी रेल मंत्रालय से मंगवाया गया है। मामले की जांच में जुटे सीबीआई अधिकारियों ने पिछले चार दिनों में मंत्रालय से कई फाइलें मंगवाई हैं।

Related posts