
शिमला। कालका-शिमला हेरिटेज रेलवे ट्रैक पर टॉय ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई है। इसकी पहचान संजय शर्मा(20) निवासी गांव ओडी कुमारसैन के तौर पर हुई है। यह शोघी में एक निजी संस्थान हिम एजुकेशन आईटीआई का छात्र था। आईटीआई से आने के बाद घर की ओर जा रहा था। हादसा मंगलवार शाम शोघी के निकट शाम करीब 5:30 बजे पेश आया। शिमला से कालका के लिए शाम 4:20 मिनट पर रवाना हुई रेल कार के शोघी पहुंचने पर संजय इसकी चपेट में आया। रेलवे थाना प्रभारी परम ने बताया कि जिस समय हादसा हुआ युवक कानों में मोबाइल के इयरफोन लगाए गाने सुन रहा था। कानों में इयरफोन लगे होने के कारण युवक ट्रेन की आवाज नहीं सुन पाया। आपात स्थिति में ट्रेन की ब्रेक नहीं लग पाई और युवक ट्रेन के नीचे आ गया। युवक के परिजनों को दुर्घटना की जानकारी दे दी गई है।
