रेलवे लाइन को किया जाए ब्राडगेज

पालमपुर (कांगड़ा)। पिछले कई दशकों से चल रही नैरोगेज पठानकोट-जोगेंद्रनगर रेलवे लाइन को लेकर अब भूतपूर्व सैनिक लीग पालमपुर ने भी अपनी आवाज उठाई है। लीग का कहना है कि इस लाइन को ब्राडगेज कर लाहौल स्पीति तक जोड़ा जाए।
इसके लिए लीग ने एक ज्ञापन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, राष्ट्रीय कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, रक्षा मंत्री एके एंटनी, रेलवे मंत्री पवन बंसल, मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह व केंद्र में प्रदेश की सांस्कृतिक मंत्री चंद्रेश कुमारी को भेजा है। लीग का कहना है यह रेलवे लाइन अंग्रेजों के समय से चली आ रही है। लेकिन अब तक किसी भी सरकार ने इस लाइन को न तो चौड़ा किया और न ही इसका विस्तार। इसका बड़ा कारण यह भी है कि प्रदेश का कोई भी नेता इस मामले को गंभीरता से नहीं उठा पाया है। लीग के अध्यक्ष सीडी सिंह गुलेरिया ने कहा कि इस रेलवे लाइन को ब्राडगेज कर इसका विस्तार लाहौल स्पीति तक किया जाए। साथ ही अंब में बनी रेलवे लाइन को ज्वालामुखी रोड से जोड़ा जाए। उन्होंने कहा कि इस मांग को इसी रेलवे बजट में पारित किया जाए। पठानकोट-जोगेंद्रनगर रेलवे लाइन को ब्राडगेज कर लाहौल स्पिति से जोड़ने से पर्यटन तो बढ़ेगा ही। साथ ही इससे चीन से बार्डर पर बढ़ रहा खतरा भी कम होगा तथा भारतीय सेना यहां पर आराम से जा सकती है।

Related posts