
बरठीं (बिलासपुर)। जिले भर के ट्रैक्टर चालकों को सरकार के उस फैसले का इंतजार है, जिसमें सरकार ने जिला की खड्डों को रेत व बजरी उठाने के लिए बहाल करने की बात कही थी। सरकार ने इसकी अधिसूचना जारी नहीं की है। इससे ट्रैक्टर मालिकों और चालकों में सरकार के प्रति रोष है।
देवभूमि ट्रैक्टर यूनियन झंडूता के प्रधान लखबीर सिंह सहित अन्य पदाधिकारियों मनी राम, प्रकाश चौधरी, ओंकार चौधरी, बंसी राम, संजीव कुमार, मेहर सिंह व रवि कुमार सहित अन्य ट्रैक्टर मालिकों ने बताया कि उन्होंने ट्रैक्टर बैंकों से ऋण लेकर लिए हैं। हाल ही में सरकार द्वारा खड्डों को बंद किए जाने से जहां बैंक की किश्ते बंद हो गई हैं। ट्रैक्टर मालिकों व चालकों को दो वक्त की रोटी का जुगाड़ करना भी मुश्किल हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया है कि सरकार स्टोन क्रशर व लोक निर्माण विभाग में चल रहे कार्यों के लिए रेत व बजरी खड्डों से उठवा रही है और ट्रैक्टर चालकों के चालान काट रही है। यदि सरकार अवैध खनन को बंद करवाना चाहती है तो समस्त लोनिवि, आईपीएच में जो कार्य रेत-बजरी और पत्थर से चल रहे हैं, उन्हें बंद किया जाए। 5 सितंबर को समस्त ट्रैक्टर मालिकों व चालकों की एक बैठक बुलाई गई है, जिसमें आगामी निर्णय लिया जाएगा। यदि सरकार जल्दी ही कोई फैसला नहीं लेती है तो मजबूरन उनको सरकार के खिलाफ सड़कों पर उतरने के लिए मजबूर होना पडे़गा।
